
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत ककरहा घाट (ग्राम मोहनदासपुर) के पास गोमती नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों के डूब जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। दूसरे बच्चे की खोज के लिए एनडीआरएफ की टीम की भी सहायता ली जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अयान (10 वर्ष) पुत्र यूनुस निवासी लेढ़ूपुर तथा जीशान (10 वर्ष) पुत्र आरिफ निवासी कौवापुर, थाना चौबेपुर, अपने ननिहाल सुल्तानीपुर गांव आए हुए थे। मंगलवार को दोनों अपने लगभग आठ साथियों के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान पांच बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि अयान और जीशान नदी की तेज धारा में लापता हो गए।

घटना के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण लगातार खोजबीन में जुटे रहे। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जीशान का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अयान की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम दूसरे बच्चे की तलाश में लगातार अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक एक बच्चे का शव बरामद हो चुका था, जबकि दूसरे की तलाश जारी थी।




