Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
बलियायूपी

मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं, 

गंगा स्नान के दौरान 4 की मौत, 2 को बचाया गया

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

बलिया।  जिले से रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मुंडन संस्कार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के 6 लोग गहरे पानी में डूब गए। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर निवासी वशिष्ठ चौहान के परिवार में मुंडन संस्कार का कार्यक्रम था। रविवार सुबह परिवार और रिश्तेदार शिवरामपुर घाट (ब्यासी) पर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान स्नान करते समय अचानक चार लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

उन्हें बचाने के प्रयास में पास मौजूद दो युवक भी गंगा में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे भी पानी में फंस गए। घाट पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक युवती और एक युवक को बाहर निकाल लिया, लेकिन अन्य चार लोग लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने NDRF के पहुंचने से पहले ही चारों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया।

मृतकों की पहचान हर्षिता (17 वर्ष) और नंदिता (12 वर्ष) निवासी रामपुर भोज, थाना गड़वार, तथा अर्जुन चौहान (19 वर्ष) और अरुण चौहान (20 वर्ष) निवासी खिलाड़ी महेशपुर, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों का बेहतर व निशुल्क इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!