
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के अमरेथुआ गांव के पूर्व प्रधान साहबलाल राजभर की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान गुरुवार सुबह मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 की शाम करीब 4:30 बजे साहबलाल राजभर पुत्र नन्दलाल राजभर कोइलारी बाजार से सब्जी लेकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अमरेथुआ गांव में मानव सिंह के घर के पास पहुंचे, तभी अमरौना की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही पिकअप (UP65 KT 8683) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साहबलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के एक अस्पताल ले गए, जहां कई दिनों तक उपचार चलता रहा। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया मृतक की पत्नी शशी राजभर निवासी ग्राम अमरेथुआ, पोस्ट कोइलारी ने चंदवक थाने में तहरीर देकर अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है पूर्व प्रधान की असामयिक मृत्यु से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




