
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूं ग्राम विकास अधिकारी जयसिंह गुप्ता ने कुछ लोगों पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा सरकारी अभिलेख और कार्य में इस्तेमाल होने वाला डोंगल छीनकर क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है शिकायत के अनुसार, जयसिंह गुप्ता के साथ कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिसमें उनके सिर और पैरों में चोट आई। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान वह मौके पर बेहोश हो गए। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि हमलावरों में से एक ने कथित तौर पर कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
जयसिंह गुप्ता के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर उनके भाई संतोष गुप्ता और भांजे प्रियांशु गुप्ता मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई शिकायत में कहा गया है कि ग्राम विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत हिनौती में आयोजित जन चौपाल में सरकारी कार्य के सिलसिले में शामिल होना था, लेकिन कथित हमले के कारण वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके ग्राम विकास अधिकारी ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच, साक्ष्यों और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।




