
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। विकास खंड डोभी अंतर्गत वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग से हरिहरपुर गांव को जोड़ने वाली पीडब्ल्यूडी की सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और बारिश के पानी के जलभराव के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है हरिहरपुर डोभी क्षेत्र की बड़ी आबादी वाली ग्राम पंचायतों में शामिल है। यह सड़क हरिहरपुर के साथ-साथ आसपास के कई दर्जन गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के गड्ढों में पानी भरे रहने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे सड़क पर फिसलन और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं, लंबे समय से जमा पानी के कारण आसपास रहने वाले लोगों ने जलजनित बीमारियों की आशंका भी जताई है समस्या को लेकर समाजसेवी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रजापति के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने सड़क पर जमा पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभाग से शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।




