
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब पांच बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर जगदीशपुर के पास पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसमें सवार नौ लोग घायल हो गए। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। छह घायलों का इलाज चल रहा है घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कार के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी को अस्पताल भेजा गया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर फूलपुर थाना क्षेत्र की है।

फूलपुर सीओ किरण पाल सिंह के मुताबिक, पंजाब नंबर की स्विफ्ट कार फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रही थी। कार में फूलपुर के रहने वाले नौ लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान जगदीशपुर के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई हादसे में सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में लकी सोनकर (19), अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडे और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडे शामिल हैं। सभी को एंबुलेंस से फूलपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान लकी सोनकर ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

सरायमीर चाय पीने जा रहे थे
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि सभी युवक फूलपुर के ही रहने वाले थे। उन्होंने गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद रातभर पंडाल में समय बिताया था। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे सभी पंडाल से सरायमीर चाय पीने के लिए निकले थे। इसी दौरान जगदीशपुर के पास हादसा हो गया पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




