
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद के चयनित विकास खंड रामपुर की ग्राम पंचायत पट्टीकीरत राय स्थित अटल आवासीय परिसर (वनवासी बस्ती) में रविवार रात रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री तथा जौनपुर के प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस चौपाल में जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और ग्रामीणों व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समेत सभी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जाए तथा गांव में पेयजल, सड़क और मूलभूत सुविधाओं की कमी तत्काल दूर की जाए मंत्री ने कहा कि वनवासी परिवारों की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण वह व्यक्तिगत रूप से नहीं पहुंच सके, लेकिन जल्द ही गांव का भ्रमण और निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके आगमन से पहले सभी लंबित कार्य पूरे कर लिए जाएं।

जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत अखिलेश कुमार और पिंटू कुमार को ई-रिक्शा वितरित किया गया मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत रंजना वनवासी, पूजा, सीमा, रवि, अरविंद पारो और सीता सहित कई लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। बीर बहादुर और सीमा को श्रम कार्ड, सीता, सुषमा, उर्मिला और मीरा को अंत्योदय कार्ड, कविता, सविता और मल्लन देवी को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ तथा मुन्ना को पीएम सूर्यघर योजना से संबंधित प्रमाणपत्र प्रदान किए गए ग्राम पंचायत पट्टीकीरत राय की कुल आबादी 3078 है, जिसमें 1498 पुरुष और 1580 महिलाएं शामिल हैं। पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 149 और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 45 आवास निर्मित हो चुके हैं। यहां 120 शौचालयों का निर्माण कराया गया है। वृद्धावस्था पेंशन के 227, निराश्रित महिला पेंशन के 62 और दिव्यांग पेंशन के 28 लाभार्थी हैं।
ग्राम पंचायत में 206 जॉब कार्ड धारक, 987 आयुष्मान कार्ड धारक, 89 अंत्योदय तथा 520 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। पेयजल के लिए 78 इंडिया मार्क हैंडपंप संचालित हैं और 19 स्वयं सहायता समूह सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं अटल आवासीय परिसर वनवासी बस्ती में 69 लोगों की आबादी निवास करती है। यहां मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 19 आवास, 9 शौचालय, 3 पेंशन लाभार्थी, 23 जॉब कार्ड धारक, 15 आयुष्मान कार्ड धारक परिवार, 11 अंत्योदय और 7 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक परिवार हैं। बस्ती में पेयजल के लिए 4 इंडिया मार्क हैंडपंप और एक स्वयं सहायता समूह कार्यरत है जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को भरोसा दिलाया कि जो भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से अभी तक वंचित रह गए हैं, उन्हें शीघ्र लाभान्वित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों के कार्यों की सराहना की। मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रामपुर को आईएसओ प्रमाणीकरण मिलने पर बधाई देते हुए प्रमाणपत्र भी प्रदान किया।




