
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। के बदलापुर तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और बिजली व्यवस्था समेत विभिन्न जन समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा प्रदर्शन की शुरुआत सब्जी मंडी स्थित पार्टी कार्यालय से हुई। वहां से कार्यकर्ता जुलूस के रूप में नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए इंदिरा चौक पहुंचे और बाद में तहसील परिसर में सभा आयोजित की गई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस, बिजली, दूध, दवाइयों और मोबाइल रिचार्ज जैसी आवश्यक सेवाओं एवं वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर पूंजीपतियों के हित में नीतियां बना रही है। बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लेने, आवश्यक वस्तुओं के दाम कम करने, महंगाई पर नियंत्रण लगाने, बेरोजगारों को रोजगार देने, सार्वजनिक क्षेत्रों के निजीकरण पर रोक लगाने तथा बिजली उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर का दबाव बंद करने की मांग उठाई सभा को पार्टी के राज्य सचिव रविशंकर मौर्य और जिला सचिव अशोक कुमार खरवार समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप कुमार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




