
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। बरडीहा मोड़ के पास आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में तेज रफ्तार आर्टिका कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजमल आलम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार सवार सभी लोग झारखंड के पलामू जिले के मेदिनी नगर (डालटनगंज) क्षेत्र के मोहनिया गांव के निवासी हैं। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




