
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भंडारी स्टेशन के पास वाजिदपुर उत्तरी चमारी वीर बाबा रोड पर संचालित कथित देहव्यापार के अड्डे पर गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई महिला एवं पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
छापेमारी का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता तथा सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह ने किया। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की। मौके से मिले लोगों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।




