महापुर में जाम नाली और गंदगी से भरे तालाब पर बीडीओ सख्त
निरीक्षण कर प्रधान और सचिव को तत्काल सफाई कराने का निर्देश

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
डोभी/जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड डोभी अंतर्गत ग्राम पंचायत महापुर में सार्वजनिक नाली और सरकारी तालाब की सफाई को लेकर शनिवार को खण्ड विकास अधिकारी अस्मिता सेन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
बताया जाता है कि सुभासपा के जिलाध्यक्ष चन्दन राजभर ने बीडीओ डोभी को शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत महापुर के छोनापुर पुरवा स्थित सरकारी तालाब और जाम नालियों की समस्या से अवगत कराया था। शिकायत में कहा गया था कि गांव के बीच स्थित सरकारी तालाब में लोग लगातार कूड़ा-कचरा फेंक रहे हैं, जिससे तालाब में गंदगी फैल गई है और सड़न के कारण दुर्गंध उठ रही है। वहीं गांव की नालियां भी जाम होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ अस्मिता सेन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम प्रधान पारसनाथ मौर्य एवं पंचायत सचिव अजीत कुमार को निर्देशित किया कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा तालाब का गंदा पानी निकलवाकर मशीन से सफाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने आरआरसी सेंटर को नियमित रूप से क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही पंचायत सहायक ऑपरेटर द्वारा कराई गई कुल 31 स्वगणना की समीक्षा कर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने समूह सखी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को नए समूह गठन के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। बीडीओ ने सचिव को सभी अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एडीओ पंचायत प्रवीण सिंह सहित ग्राम पंचायत के तमाम लोग उपस्थित रहे।




