
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय अनुदान की धनराशि हड़पने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र और सरकारी धन के गबन जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे के अनुसार, 19 मार्च 2025 को राज्य विशेष अनुसंधान दल (ईओडब्ल्यू) मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक कुंवर ब्रह्म प्रकाश सिंह द्वारा अतरौलिया थाने में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। जांच में मदरसा फैजेकौशर निस्बां, रूकुमलपुर के प्रबंधक एवं शिक्षकों द्वारा कथित रूप से कूटरचित अभिलेख तैयार कर उन्हें वास्तविक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करने का मामला सामने आया।
आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शासकीय धनराशि और विभिन्न सरकारी अनुदानों का लाभ प्राप्त कर सरकारी खजाने को चूना लगाया गया। ईओडब्ल्यू की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने रियाज अहमद, किरन पाल, रेनू यादव तथा अनवार अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता ने सोमवार को पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी रेनू यादव निवासी बनकटा बुजुर्ग, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकर नगर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।




