
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर स्थित गौशाला के पास शनिवार देर रात गाली-गलौज और विवाद के बाद एक मजदूर ने गौशाला में काम करने वाले 50 वर्षीय अधेड़ की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी रविवार सुबह होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जानकारी के अनुसार, मृतक भुवर सरोज उर्फ चकबहादुर सरोज (50) पुत्र रामकरन सरोज, निवासी अचानक नगर निगोह थाना बरसठी, पिछले चार माह से सुरहुरपुर गौशाला में मजदूरी का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव में बकरी पालन और चराने का काम करने वाले शनि उर्फ अभिषेक कुमार (23) निवासी लखौवां उदपुर थाना बक्सा से शनिवार रात किसी बात को लेकर उनका विवाद और गाली-गलौज हो गया था रविवार सुबह ग्रामीणों ने गौशाला के गेट के पास भुवर सरोज का शव पड़ा देखा। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा लोहे की रॉड से वार कर चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची जलालपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी शनि उर्फ अभिषेक कुमार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में प्रारंभिक रूप से दोनों के बीच हुए विवाद के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आई है थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि शनिवार रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी विवाद में आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर भुवर सरोज की हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।




