सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदवक, जौनपुर।
चंदवक थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर कन्नौरा के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंद्र सरोज (60 वर्ष), निवासी अईलिया, अपने घर से साइकिल द्वारा कंजहित बाजार जा रहे थे। इसी दौरान कन्नौरा के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों ने चंदवक पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल व उसके चालक की तलाश की जा रही है।




