
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को बनारस बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। उनका कहना था कि यदि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, तो उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग किए जाने के आरोप गंभीर हैं। अधिवक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।




