
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय सुनिश्चित करने को कहा डीएम ने चांदपुर अंडरपास से सिटी स्टेशन तक स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम शीघ्र पूरा कराने को कहा।
उन्होंने विद्यालयों में सड़क सुरक्षा कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई से पहले जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच, मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा सड़कों और विद्युत पोलों पर रिफ्लेक्टर लगाने को भी कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के उपायों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी बैठक में सीडीओ ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




