
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र की मुर्दहा चौकी अंतर्गत एक गांव में युवती के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला युवक काफी समय से उस पर गलत नजर रखता था। आरोप है कि वह आते-जाते अभद्र टिप्पणियां करता और अशोभनीय इशारे करता था। विरोध करने पर आरोपी कथित रूप से उसे उठा ले जाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 15 जुलाई 2026 को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोगों के आने की आहट मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। जाते समय उसने शिकायत करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकी भी दी।
चोलापुर पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है




