
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। केराकत कस्बे के सिपाह मोहल्ले में घर की बाउंड्रीवाल तोड़ने का विरोध करने पर महिला समेत परिवार के चार लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता किरण पत्नी अनिल निषाद ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कई लोगों पर घर में घुसकर लाठी, बैट, रॉड व धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है पीड़िता के अनुसार, शाम करीब पांच बजे परिवार के सदस्य बाजार गए थे। इसी दौरान विपक्षी बताए गए लोग उनके घर की दीवार तोड़ रहे थे। विरोध करने पर आरोप है कि दिनेश, आनंद, आलोक, अश्वनी, पूजा और मनोरमा ने एकजुट होकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में किरण, उनके पति अनिल और सास कृष्णावती के घायल होने का आरोप है।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे जेठ सुनील निषाद के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही गई है। पीड़िता ने आलोक पर उसे घर से खींचकर बाहर निकालने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। आरोप है कि घटना के बाद परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने घायल महिला और उसके जेठ का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




