
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। रतनूपुर बाजार में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर दुकान में बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए दुकान का शटर ईंट से पीटकर खुलवाने का प्रयास करने लगी। महिला के आरोप के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई महिला का आरोप है कि गुरुवार शाम उसकी नाबालिग पुत्री को चंदवक थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और रतनूपुर बाजार स्थित अपनी दुकान में बंद कर दिया। स्थानीय लोगों ने दुकान के अंदर से आवाज लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद दुकान का शटर खुलवाया। शटर खुलने पर पुलिस ने दुकान से किशोरी और युवक को बरामद कर परिजनों के साथ थाने ले जाकर पूछताछ की बताया गया कि मामला केराकत कोतवाली क्षेत्र से संबंधित होने के कारण चंदवक पुलिस ने दोनों को केराकत पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अब मामले में आगे की कार्रवाई केराकत पुलिस द्वारा की जानी है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: किशोरी नाबालिग है, इसलिए उसकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।




