
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के खेतापुर गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार शाम उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं को प्रार्थना पत्र देकर अधूरे इंटरलॉकिंग कार्य को पूरा कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर करीब 40 वर्ष पूर्व खड़ंजा लगाया गया था, जिसकी समय-समय पर ग्राम प्रधानों द्वारा मरम्मत कराई जाती रही है ग्रामीणों के मुताबिक वर्तमान में इसी पुराने खड़ंजे पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कुछ लोगों की आपत्ति के चलते निर्माण कार्य बाधित है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण अधूरा रहने से करीब 50 घरों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
वहीं, हल्का लेखपाल मोहन सिंह ने बताया कि मौके पर करीब 40 वर्षों से खड़ंजा मौजूद है और ग्राम प्रधान की ओर से उसी पर इंटरलॉकिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि भूमि के स्वामित्व को लेकर छोटेलाल की ओर से आपत्ति जताई गई है। संबंधित व्यक्ति भूमि में खुद को खातेदार बताते हुए बिना सहमति निर्माण पर सवाल उठा रहा है लेखपाल के अनुसार संबंधित गाटा संख्या में करीब 20 खातेदार हैं और अधिकांश लोग निर्माण के पक्ष में हैं। मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए टीम मंगलवार को मौके पर पहुंचकर जांच करेगी ग्रामीणों ने एसडीएम से जांच कराकर रास्ते का निर्माण पूरा कराने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की। प्रार्थना पत्र देने वालों में धर्मेंद्र कुमार, राजेश कुमार, संजय कुमार, ओमप्रकाश, शांति देवी, गीता, अनीता, बिंद देवी, आशा देवी, किरण देवी और सुनीता देवी समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीण शामिल रहे।




