
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से पुलिस ने चार गौवंश, अवैध असलहा-कारतूस, गौतस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है पुलिस के अनुसार, तेजीबाजार थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ गौ-तस्कर पिकअप में गौवंश लादकर हैदरपुर की ओर से जौनपुर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मखदूमपुर तिराहे के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद बिना नंबर की सफेद पिकअप और उसके पीछे एक सुपर स्प्लेंडर बाइक आती दिखाई दी। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर पिकअप चालक वाहन लेकर पूरामोहब्बत के पास मखदूमपुर की ओर मुड़ गया और वाहन असंतुलित होकर खड्डे में फंस गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले पकड़े गए आरोपी की पहचान छोटू पुत्र सर्फुद्दीन (22 वर्ष), निवासी रेवसा, थाना अलीनगर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा पुलिस के मुताबिक मामले में मु.अ.सं. 232/2026, धारा 109(1) बीएनएस, 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता अधिनियम और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




