
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावां (लौकरी) गांव में निजी जमीन पर कथित तौर पर जबरन चकरोड निर्माण के विवाद में खुद को आग लगाने वाले 35 वर्षीय किसान दिनेश कुमार मौर्य की वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार देर रात हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों ने शव घर पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने मामले में नामजद सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।किसान की मौत के बाद पुलिस ने मामले में सुसंगत गंभीर धाराएं बढ़ाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजनों के विरोध और गिरफ्तारी की मांग के बीच पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




