
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर बिहार में बेचने के कथित मानव तस्करी गिरोह का आजमगढ़ पुलिस ने खुलासा किया है। थाना अहरौला पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी को बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में युवतियों को बहला-फुसलाकर दूसरे लोगों के हाथों बेचने और उन्हें देह व्यापार में धकेलने से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है पुलिस के मुताबिक, 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय पुत्री के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 के तहत धारा 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान मानव तस्करी से जुड़े तथ्य सामने आने पर मुकदमे में धारा 143, 144 और 111 बीएनएस तथा अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 5 की बढ़ोतरी की गई।
युवती की तलाश में उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार पहुंची। सर्विलांस सेल की मदद से लोकेशन मिलने के बाद 5 नवंबर को पूर्वी चम्पारण के चकिया थाना क्षेत्र स्थित चनकपुरी महावीर आई अस्पताल के पास से अभिषेक राज और उसकी पत्नी सितारा खातून को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 6 नवंबर को गिरफ्तारी की आवश्यक कार्रवाई पूरी की पुलिस पूछताछ में अभिषेक राज ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर अपनी पत्नी के माध्यम से परिचित गफ्फार मियां और उसकी पत्नी बिन्द्या के हाथों बेचता था। इसके बदले उसे रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि गफ्फार मियां युवतियों का शोषण करने के बाद उन्हें बिहार के पूर्णिया जिले के आसपास देह व्यापार में धकेलने के लिए बेच देता था गिरफ्तार आरोपितों में अभिषेक राज पुत्र अजय शर्मा और उसकी पत्नी सितारा खातून शामिल हैं। दोनों पूर्वी चम्पारण जिले के निवासी हैं। पुलिस अब कथित गिरोह के अन्य सदस्यों, उनकी भूमिका और नेटवर्क के विस्तार की जांच कर रही है।




