Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
उत्तर प्रदेशजौनपुर

मछलीशहर में संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनीं 129 शिकायतें, 

मछलीशहर में संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनीं 129 शिकायतें, 

 

अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

 

न्यूज़ खबर इंडिया 

जौनपुर। जिलाधिकारी जौनपुर डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में तहसील मछलीशहर सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए गुणवत्ता और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम घिसुआं की दुलारी देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके पति जीवित हैं, बावजूद इसके समान नाम होने के कारण उन्हें मृत दर्शाकर वरासत किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को जांच कर त्रुटि सुधारने के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम गडवादोदक की निवासी फातमा बेगम ने नया राशन कार्ड बनाए जाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को पात्रता जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

चकघसीटा निवासी त्रिभुवन ने तालाब खाते की भूमि से अतिक्रमण न हटाए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को शीघ्र कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्राम घिसुआं की रेखा द्वारा वारासत दर्ज न होने की शिकायत पर राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल को तत्काल वरासत दर्ज करने के आदेश दिए गए।

जिलाधिकारी के समक्ष कुल 129 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 मामलों का त्वरित निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, पटलों एवं न्यायालयों का निरीक्षण किया। उप जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित पुरानी पत्रावलियों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही दाखिल-खारिज, म्यूटेशन, स्टांप रजिस्टर, ऑनलाइन आरसी, खसरा-खतौनी सहित अन्य अभिलेखों के रख-रखाव का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान मछलीशहर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में शौचालय निर्माण एवं साफ-सफाई की समस्या को उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने, पिंक शौचालय को क्रियाशील कराने तथा नए शौचालय निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान वृद्ध फरियादी विद्यावती द्वारा पेंशन हेतु आवेदन किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को पात्रता जांच कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही अन्य वृद्धजनों को कंबल वितरित किए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी मछलीशहर सौरभ कुमार, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, उप निदेशक कृषि, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!