
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव में चोरों ने 24 घंटे के भीतर तीन बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित गांव चौकी खुर्द में बीती रात हौसला बुलंद चोरों ने बड़े लाल यादव के घर धावा बोल दिया। आरोप है कि चोरों ने घर में घुसने के बाद उनकी बेटी की आंखों में किसी प्रकार का केमिकल डाल दिया, जिससे वह असहाय हो गई। इसके बाद बदमाश घर में रखे गहने व अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इससे पहले शनिवार-रविवार की रात भी गांव निवासी अवधेश तिवारी के घर चोरों ने धावा बोलकर करीब 25 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिया था। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए।
वहीं, इससे पहले लालता प्रसाद तिवारी के घर भी चोरों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए रविवार को क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा गांव पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन उसके बावजूद अगली ही रात फिर चोरी की वारदात हो गई।
लगातार तीन चोरी की घटनाओं ने गांववासियों में दहशत पैदा कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है। लोगों ने जल्द खुलासे और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
लगातार वारदातों से पुलिस पर सवाल, ग्रामीणों में भारी आक्रोश।



