Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
उत्तर प्रदेशजौनपुर

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पंखे से लटका मिला शव ननिहाल से

ननिहाल से ससुराल पहुंचने के एक घंटे बाद हुई घटना, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

 

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

जौनपुर। जिले के केराकत अंतर्गत उदयचन्दपुर गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक विवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। हैरानी की बात यह है कि मृतका ननिहाल से ससुराल पहुंचने के महज एक घंटे बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान रूपा निषाद (22) के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व उदयचन्दपुर निवासी रोहित निषाद से हुई थी। रूपा मूल रूप से वाराणसी जिले के दानगंज क्षेत्र के थौर गांव की रहने वाली थी, लेकिन बचपन से ही अपने नाना शंकर निषाद के घर सिहौली (केराकत) में रह रही थी और वहीं से उसका विवाह संपन्न हुआ था।

रामायण कार्यक्रम में आई थी ननिहाल

परिजनों के अनुसार, रूपा चार दिन पहले ननिहाल में आयोजित रामायण कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उसका देवर राहुल उसे ससुराल लेकर गया। मायके पक्ष का आरोप है कि रूपा शिवरात्रि के बाद ससुराल जाने की बात कह रही थी, लेकिन उसे जबरन भेजा गया।

एक घंटे बाद मिली मौत की खबर

मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल पहुंचने के लगभग एक घंटे बाद ही ससुर राजपत निषाद ने फोन कर परिजनों को घर बुलाया। जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो रूपा का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका के मामा धीरू निषाद ने आरोप लगाया कि घटना के समय घर पर ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे संदेह और गहरा गया है।

भाई ने दी नामजद तहरीर

रूपा तीन बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। उसके छोटे भाई आर्यन निषाद ने थाने में नामजद तहरीर देकर पति रोहित निषाद, ससुर राजपत निषाद, सास दीपा, देवर राहुल और ननद मीना पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!