Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
चंदवकजौनपुरयूपी

माता-पिता के निधन के बाद भी नहीं टूटा हौसला, हिमांशु ने JEE मेन्स में 98.073 पर्सेंटाइल लाकर रचा इतिहास

बिना कोचिंग के स्वअध्ययन से पाई सफलता, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता 

चंदवक जौनपुर। डोभी क्षेत्र के कुसुम्ही गांव निवासी होनहार छात्र हिमांशु यादव ने प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा Joint Entrance Examination – Main (जेईई मेन्स) सत्र-1 में 98.073 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

जैसे ही यह जानकारी भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज बजरंग नगर के प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र यादव को मिली, उन्होंने विद्यालय प्रांगण में हिमांशु को बुलाकर माल्यार्पण कर सम्मानित किया। शिक्षकों और छात्रों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मेधावी छात्र का उत्साहवर्धन किया।

हिमांशु यादव, स्वर्गीय अरविंद यादव के पुत्र हैं। उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज बजरंग नगर से ही प्राप्त की। उनकी सफलता की सबसे विशेष बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के केवल स्वअध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

हिमांशु ने बताया कि वर्ष 2018 में माता-पिता के निधन के बाद वह अंदर से टूट गए थे। आर्थिक तंगी ने भी उन्हें झकझोर दिया, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा रामजनम यादव, दादी प्रभावती देवी तथा पड़ोस के अजय यादव, सुशील यादव और सतीश यादव को दिया, जिन्होंने हर कठिन घड़ी में उनका साथ दिया।

विद्यालय परिवार ने हिमांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। क्षेत्र के लोगों ने भी इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!