
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
- केराकत/जौनपुर। जिले के केराकत तहसील क्षेत्र के बड़ी गांव के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक ब्रेजा कार और स्कूटी के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत भिजवाया। चिकित्सकों ने तीनों घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उनका इलाज शुरू किया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। दुर्घटना के कारण थाना गद्दी से केराकत जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर घंटों की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




