
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। आगामी ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आमजन, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की गई।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनपद में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं और त्योहार के दौरान हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी।



