
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। आगामी पर्व ईद एवं नवरात्रि के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के प्रतीक हैं, जिन्हें सभी वर्गों के लोगों को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की सभी प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त रखा जाए तथा जहां मरम्मत की आवश्यकता हो, उसे तत्काल पूरा कराया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि पर्वों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर निकायों को साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति को लेकर भी उन्होंने नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा व्यापक तैयारी कर ली गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा महिला पुलिस बल सहित पर्याप्त फोर्स की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस अवसर पर धर्मगुरु, नगर निकायों के चेयरमैन, जनप्रतिनिधिगण, मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट सहित शांति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




