
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। खुशियों से गूंजने वाली बारात देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के राजपूत नगर, आरा में जयमाला के बाद घराती और बराती पक्ष के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें 24 वर्षीय सौरभ राजभर के सिर पर ईंट लग गई। गंभीर रूप से घायल सौरभ की वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई मृतक सौरभ सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव का निवासी था। वह जमुना राजभर के घर आई बारात में शामिल था। हादसे के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। सिंदूरदान की रस्म से पहले ही युवक की मौत की खबर पहुंची तो वर पक्ष ने शादी आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। हालांकि, काफी मान-मनौव्वल के बाद अंततः विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
घटना के बाद मृतक के परिजन शव लेकर गौराबादशाहपुर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मृतक के भाई गौरव राजभर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्रा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है खुशियों की रात में हुई इस दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।




