
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। कारागार मुख्यालय लखनऊ एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कारागार जौनपुर में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित सप्ताहव्यापी योग शिविर का समापन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम के साथ हुआ। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित विशेष सत्र में कारागार अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुरुष एवं महिला बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
प्रातःकाल आयोजित कार्यक्रम में योगाचार्य वैद्यराज हरिदास एवं योग प्रशिक्षक डॉ. ध्रुवराज योगाचार्य ने पुरुष बंदियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। वहीं महिला बंदियों को योग प्रशिक्षिका मधुबाला ने योगाभ्यास कराया योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव कम करने, स्वास्थ्य सुधारने और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बंदियों के नैतिक उत्थान, आत्मिक विकास तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कार्यवाहक अधीक्षक एवं कारापाल सुरेश बहादुर सिंह, उप कारापाल सुभाष चंद्र पांडेय, नंद किशोर, पंकज कुमार द्विवेदी, प्रधान सहायक खलीक अहमद, लेखाकार वेद प्रकाश त्रिपाठी तथा शिक्षक प्रदीप कुमार अस्थाना सहित कारागार के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे कार्यक्रम के अंत में प्रभारी जेल अधीक्षक ने योग प्रशिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। इसके साथ ही सप्ताहभर चले योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया।




