
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। महाराष्ट्र के सतारा जिले से वाराणसी घूमने आए 15 वर्षीय किशोर की गंगा में स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयाग सचिन (15) अपने परिवार के साथ वाराणसी भ्रमण पर आया था। इसी दौरान वह केदार घाट पर स्नान कर रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में जाने से डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस व एनडीआरएफ को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।




