
संवाददाता – अर्पिता, न्यूज़ खबर इंडिया
चंदवक/ जौनपुर। चंदवक क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है, जहां एक साधारण परिवार से निकलकर एक युवक ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया है।
खुज्झी मोड़ निवासी मिठाई विक्रेता सूरज मोदनवाल के पुत्र राजू मोदनवाल ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 11वीं रैंक प्राप्त कर डिप्टी एसपी के पद पर चयनित होकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राजू की प्रारंभिक शिक्षा खुज्झी स्थित श्री कुबेर सिंह माध्यमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई सुमित्रा शिक्षा इंटर कॉलेज, बजरंगनगर से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने श्री गणेश राय पीजी कॉलेज में बीएससी में दाखिला लिया, लेकिन बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध हंसराज कॉलेज में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई जारी रखी और यहीं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की।
राजू का सफर संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने दो बार IAS की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की, लेकिन इंटरव्यू में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने डिप्टी एसपी का पद हासिल कर लिया।
अपनी इस सफलता का श्रेय राजू ने अपने माता-पिता, चाचा और पड़ोसियों के सहयोग के साथ-साथ अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प को दिया है।
राजू मोदनवाल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।



