
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला अहियापुर सहाबुद्दीनपुर में बुधवार रात मामूली कहासुनी के बाद पट्टीदारों द्वारा दो महिलाओं समेत तीन लोगों की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घायलों ने पुलिस पर मेडिकल कराने के बावजूद मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाया है जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:30 बजे चुन्नी बेगम (62 वर्ष) पत्नी स्व. हबीब तथा परवीन (35 वर्ष) पत्नी स्व. साबित अली की घर में रह रहे पट्टीदारों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पट्टीदारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दोनों महिलाओं को घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे सलमान (28 वर्ष) पुत्र हबीबउल्लाह को भी आरोपितों ने मारपीट कर घायल कर दिया घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मेडिकल कराने के बावजूद पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया था पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। मामले में पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष कार्रवाई और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



