
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। जौनपुर जनपद के केराकत कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देवकली गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक ठेकेदार के घर में घुसकर जानलेवा फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि ठेकेदार बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
मिली जानकारी के अनुसार, देवकली निवासी उदय प्रताप यादव, जो झारखंड में विद्युत विभाग के ठेकेदार हैं, इन दिनों अपने गांव आए हुए थे। उनके घर के प्रथम तल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ दिन पहले टाइल्स लगाने को लेकर उनका एक मिस्त्री से विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते सोमवार को मिस्त्री अपने साथियों के साथ कई बाइकों पर सवार होकर ठेकेदार के घर पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने उदय प्रताप यादव को बाहर बुलाया और जैसे ही वह बरामदे में पहुंचे, एक बदमाश ने उन पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली पास में रखी चौकी में जा लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण निर्माण कार्य से जुड़ा बताया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।




