भूमि विवाद में अवैध निर्माण, पीड़ित को जान से मारने की धमकी
भूमि विवाद में अवैध निर्माण, पीड़ित को जान से मारने की धमकी

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत (जौनपुर)
केराकत थाना क्षेत्र के छत्रीपुर गांव में भूमि विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित रामआसरे यादव ने आरोप लगाया है कि वह गाटा संख्या 375/0.022 हेक्टेयर भूमि के वैध मालिक हैं, लेकिन कुछ लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार, संजय यादव, प्रमोद यादव, सूरज यादव, सौरभ और सुमित समेत अन्य लोग न केवल जमीन पर अवैध निर्माण करा रहे हैं, बल्कि विरोध करने पर उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
रामआसरे यादव ने बताया कि उन्होंने कई बार डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के मौके से लौटते ही आरोपी दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर देते हैं। थाने में शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे पीड़ित परिवार दहशत में है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।




