
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले में तैनात नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के खिलाफ दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत गंभीर आरोपों में मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतका की मां की तहरीर के आधार पर की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तहरीर के अनुसार, मृतका श्वेता सिंह की शादी वर्ष 2014 में बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसकी नौ वर्षीय बेटी भी है। आरोप है कि सुल्तानपुर निवासी विवेक श्रीवास्तव का परिवार से परिचय था और मछलीशहर तहसील में तैनाती के दौरान श्वेता से उसकी नजदीकियां बढ़ीं।
परिजनों का आरोप है कि विवेक ने शादी का झांसा देकर श्वेता के साथ संबंध बनाए। इसके बाद उसके पति से संबंध खराब हो गए और वह मछलीशहर में विवेक के साथ रहने लगी। मृतका की मां के मुताबिक, श्वेता ने कई बार विवेक द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की थी तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवेक ने श्वेता के अश्लील वीडियो बनाए और उस पर अन्य अधिकारियों के साथ संबंध बनाने का दबाव डाला। परिजनों के अनुसार, लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर श्वेता ने 9 मार्च को आत्महत्या कर ली मीरगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




