दबंगों के हौसले बुलंद: नाई की दुकान पर युवक को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर
दबंगों के हौसले बुलंद: नाई की दुकान पर युवक को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद कोतवाली थाना क्षेत्र के हनुमानघाट इलाके का है, जहां एक युवक पर आधा दर्जन दबंगों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान मोनू सोनी के रूप में हुई है, जो हनुमानगढ़ी क्षेत्र में प्लास्टर का काम करता है। घटना के समय वह रोज की तरह काम से लौटकर घर जा रहा था। रास्ते में वह एक नाई की दुकान पर दाढ़ी बनवाने के लिए रुका था, तभी अचानक 5 से 6 हमलावर वहां पहुंचे और उसे चारों तरफ से घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बिना किसी बातचीत के मोनू पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
घायल की मां मंजू सोनी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उनके बेटे को निशाना बनाया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




