
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर कनौरा के पास तेज रफ्तार मैजिक ढाला और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार मैजिक ढाला ने आजमगढ़ की तरफ जा रहे बाइक सवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गोविंदा सिंह पुत्र अरुण सिंह, निवासी लालापुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मैजिक ढाला चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है।
यह हादसा चंदवक थाना क्षेत्र के बजरंग नगर चौकी अंतर्गत कनौरा के पास हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




