जौनपुर में स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 5 बसें सीज, 11 का चालान
बिना परमिट और फिटनेस चल रहीं 480 स्कूल बसें प्रशासन के रडार पर, मान्यता रद्द करने तक की चेतावनी

न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने जनपद में बड़ा अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में स्कूल बसों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान परमिट, फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर 5 स्कूल बसों को सीज कर दिया गया, जबकि नियमों के उल्लंघन में 11 बसों का चालान किया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) ने स्पष्ट किया कि जिन स्कूल बसों में परमिट, फिटनेस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र समेत अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्राइवर का वैध लाइसेंस, बस का पीला रंग, ‘स्कूल बस’ अंकन और सहायक स्टाफ की मौजूदगी अनिवार्य बताई गई है।
स्कूली वाहन पोर्टल से मिले आंकड़ों के अनुसार जनपद जौनपुर में करीब 480 वाहन ऐसे हैं, जिनका परमिट समाप्त हो चुका है या बिना परमिट संचालित हो रहे हैं। परिवहन विभाग ने जिले के सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों को निर्देश दिया है कि तत्काल परमिट नवीनीकरण या नया परमिट बनवाएं।
विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना परमिट वाहन संचालित मिलने पर चालान और निरुद्ध करने की कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं, जिन विद्यालयों द्वारा वाहनों का परमिट नहीं बनवाया जाएगा, उनके खिलाफ विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की अग्रिम कार्रवाई भी की जा सकती है।
परिवहन विभाग ने साफ किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




