Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुरयूपी

खेत बना मौत का जाल, अवैध करंट ने ली 40 वर्षीय युवक की जान

शौच के लिए निकले युवक की खेत में दौड़ाए गए करंट की चपेट में आने से मौत, मुकदमा दर्ज कराने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

जौनपुर।  लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में गुरुवार सुबह खेत में लगाए गए अवैध विद्युत करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया।
जानकारी के अनुसार परियावा गांव निवासी साहबलाल गौतम (40) गुरुवार सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान गांव के एक खेत के पास बिछाए गए लोहे के तार में दौड़ रहे अवैध करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेत मालिक ने फसल को जानवरों से बचाने के लिए लोहे के तार में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित कर रखी थी। बताया जा रहा है कि तार टूटकर पास के बगीचे तक पहुंच गया था, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों का कहना था कि कार्रवाई के बिना शव नहीं उठाने दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी तथा पुलिस बल मौके पर तैनात था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!