जौनपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस: 81 शिकायतें पहुंचीं, 14 का मौके पर निस्तारण
डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, विभिन्न विभागों के स्टॉल पर योजनाओं की दी गई जानकारी

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर में शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील सदर स्थित कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कुल 81 शिकायतों में से 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, उद्योग, श्रम, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उद्योग विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत चार आवेदन भी पंजीकृत किए गए।
जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों को पौधे वितरित किए तथा श्रमिकों को पंजीयन कार्ड प्रमाणपत्र सौंपे। भूमि विवाद, अवैध निर्माण और बिजली बिल से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने अधिकारियों को आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, कार्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, सीसीटीवी व्यवस्था और नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने लोगों से पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने की अपील भी की।




