चन्दवक में दर्दनाक सड़क हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत
चन्दवक में दर्दनाक सड़क हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर चन्दवक थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार बीरीबारी गांव निवासी 50 वर्षीय मो० इस्राइल पुत्र मुख्तार अहमद वाराणसी से खरीददारी कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह स्थानीय बाजार में दुकान चलाते थे और दुकान के सामान की खरीददारी के लिए वाराणसी गए थे।रात करीब 10 बजे जैसे ही वह आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर परसौड़ी गांव स्थित एक ढाबे के पास पहुंचे, तभी आजमगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इस्राइल सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल बन गया।
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार कार और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।



