
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत / जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार के पास रविवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार गाजीपुर निवासी सूरज अपने पिता के साथ जौनपुर से घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान नईबाजार के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक के पिता समेत पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पर चार लोग सवार थे, जिससे सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला भी सामने आया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।



