
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव मकान की दूसरी मंजिल पर साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक दो माह पूर्व ही गुजरात से अपने घर वापस लौटा था। सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने जब शव देखा तो घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल की जांच करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक के माता-पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में अमृतसर में रहते हैं। युवक गांव में अन्य परिजनों के साथ रह रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




