
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर गांव में एक 40 वर्षीय मजदूर पर अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल मजदूर देर रात गांव के पास स्थित राम लखन सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया जानकारी के अनुसार, बैजारामपुर निवासी संजय कुमार उर्फ पिंटू (40), पुत्र स्वर्गीय हरिलाल, प्रतिदिन शहर में मजदूरी करने जाते थे। शनिवार रात करीब नौ बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह गांव के पास राम लखन सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलने पर शीकारपुर चौकी प्रभारी ताड़केश्वर प्रसाद राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया घायल की पत्नी ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पहले उनके पति को जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।




