
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जफराबाद/जौनपुर। स्थानीय बाईपास पर मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, समोपुर गांव निवासी अतुल चौहान (32) पुत्र मदन चौहान अपनी बाइक पर गैस सिलेंडर बांधकर उसे भरवाने गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान बाईपास स्थित समोपुर मोहल्ले के पास सामने से आ रहे अमन कुमार (19) पुत्र हवलदार निवासी लाडनपुर की बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अतुल चौहान का उपचार अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




