
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने बुधवार को तहसील मड़ियाहूं का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी के निरीक्षण से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय नजर आए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण कर लंबित एवं संचालित वादों की समीक्षा की। उन्होंने आपूर्ति कार्यालय, नजारत, संग्रह अनुभाग तथा रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों और रजिस्टरों का बारीकी से परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखे जाएं तथा लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान करने पर भी जोर दिया।
डीएम ने तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से संवाद कर न्यायालयों के सुचारु संचालन और मामलों के शीघ्र निस्तारण में सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करें।




