Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
यूपीवाराणसी

पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही बेटी और पिता की सड़क हादसे में मौत

पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही बेटी और पिता की सड़क हादसे में मौत

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

वाराणसी। बेटी के उज्ज्वल भविष्य का सपना लेकर उसे पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने जा रहे पिता की राह में ऐसा दर्दनाक हादसा आया, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पिता और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के कोदोपुर गांव निवासी पृथ्वीनाथ सोनकर (64) और उनकी पुत्री आंचल सोनकर (20) के रूप में हुई है। आंचल उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए जौनपुर जा रही थी। उनके साथ पड़ोसी दिनेश सोनकर बाइक चला रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बाबतपुर-जौनपुर बाईपास मार्ग पर बेलवा नागपुर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अज्ञात वाहन पिता और पुत्री को कुचलते हुए फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। गंभीर हालत होने पर उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!